
रिपोर्टर — सुरज पुरेना
बिलासपुर क्राइम / सरकंडा पुलिस ने सोमवार को नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की। थाना प्रभारी की टीम ने बहतराई स्थित नाग-नागिन तालाब के पास रेड की, जहां पुलिस को देखकर दो युवक भागने लगे। पीछा करने पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरा फरार हो गया।
पकड़े गए युवक ने अपना नाम राजेन्द्र साहू पिता बनवारी लाल साहू, उम्र 22 वर्ष निवासी बहतराई बताया। वहीं उसका साथी रितेश उर्फ लूटू पाण्डेय मौके से भाग निकला, जिसकी तलाश की जा रही है। तलाशी के दौरान राजेन्द्र साहू के पास से सफेद और काले रंग के कैरी बैग में नशे के लिए उपयोग होने वाली प्रतिबंधित दवाएं बरामद हुईं। इसमें 25 नग Avil Injection, 100 नग Rexogesic Injection और 130 नग Nitrazepam Tablets शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 6506 रुपये आंकी गई है।
आरोपी को विधिसम्मत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस के मुताबिक इन दवाओं का दुरुपयोग कर लोग नशे के शिकार बनते हैं, जिससे शरीर कमजोर पड़ जाता है, सांस लेने में दिक्कत आती है, याददाश्त प्रभावित होती है और धीरे-धीरे सामान्य जीवन जीना मुश्किल हो जाता है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में की गई। पुलिस का कहना है कि इस मामले में एंड-टू-एंड जांच कर अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।