बिलासपुर पुलिस की कड़ी कार्रवाई: घर में घुसकर हमला और हथियार लहराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार!
खतरनाक हथियारों के साथ एक घर में घुसकर मारपीट करने और सोशल मीडिया पर हथियार लहराने का वीडियो वायरल करने वाले आरोपियों पर कड़ा प्रहार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (IPS) ने इस गंभीर घटना का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

दिनांक 14.12.2025 की रात लगभग 11:00 बजे, कोटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत राममंदिर चौक के पास हुए विवाद के बाद, कुछ आरोपियों ने प्रार्थी शुभम श्रीवास के घर में जबरन प्रवेश किया। उन्होंने अश्लील गाली-गलौज करते हुए धारदार और खतरनाक हथियारों से मारपीट की, जिससे प्रार्थी और उनके चाचा को सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।

मारपीट के बाद, आरोपियों ने पड़ावपारा काली मंदिर के पास खतरनाक हथियार लहराते हुए एक वीडियो बनाया। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करके उन्होंने पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बनाने की कोशिश की।
⏱️ 24 घंटे के अंदर मुख्य आरोपी गिरफ्तार
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस ने थाना कोटा में आर्म्स एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता (B.N.S.) की गंभीर धाराओं (333, 296, 351(2), 115(2), 191(2) आदि) के तहत अपराध दर्ज किया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अर्चना झा और एसडीओपी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तोप सिंह नवरंग के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने घटना के 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी चांद खान (उम्र 21 वर्ष, निवासी पड़ावपारा, कोटा) को धान मंडी कोटा के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसके बताए अनुसार घटना में इस्तेमाल किए गए दोमुंहा तबली, लोहे का पाइप, चैन स्प्रोकेट समेत अन्य घातक हथियार बरामद किए गए।
प्रकरण में एक अपचारी बालक की संलिप्तता भी पाई गई है, जिसके विरुद्ध किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड प्राप्त कर लिया गया है, और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।


