चिंगराजपारा में गांजा बेचती महिला गिरफ्तार: सरकंडा पुलिस ने 1.5 किलो गांजे के साथ चंदा बाई को दबोचा
रिपोर्ट: अमित पवार क्राइम रिपोर्टर,
बिलासपुर। शहर में नशे के सौदागरों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस का अभियान ‘प्रहार’ लगातार जारी है। इसी कड़ी में सरकंडा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा की बिक्री करने वाली एक महिला को रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपिया के कब्जे से करीब 1 लाख 40 हजार रुपये कीमत का गांजा जब्त किया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, थाना सरकंडा को शनिवार, 31 जनवरी को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि चिंगराजपारा क्षेत्र के अटल आवास के पीछे एक महिला अवैध रूप से गांजा बेच रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी की और मौके पर रेड मारी।

डेढ़ किलो गांजा बरामद
पुलिस की छापेमारी के दौरान मौके पर चंदा बाई राजपूत (58 वर्ष) को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर महिला के पास से 1 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा और बिक्री के नकद 300 रुपये बरामद हुए। पुलिस ने मौके पर ही जब्तीनामा तैयार कर माल जब्त कर लिया।
भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपिया चंदा बाई राजपूत के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है शनिवार को ही उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। सरकंडा पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे का कारोबार करने वाले छोटे-बड़े हर विक्रेता पर कड़ी नजर रखी जा रही है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।


