बिलासपुर IG और SSP का औचक निरीक्षण: ‘सशक्त’ ऐप की मदद से पकड़ी गईं रायपुर से चोरी हुई गाड़ियां
बिलासपुर। जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और लंबित मामलों के निराकरण के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में आज, 30 जनवरी 2026 को बिलासपुर रेंज के नवनियुक्त पुलिस महानिरीक्षक (IG) श्री रामगोपाल गर्ग (IPS) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री रजनेश सिंह (IPS) ने थाना तोरवा का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने तकनीक के बेहतर इस्तेमाल पर जोर दिया। इस दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा संचालित ‘सशक्त’ मोबाइल ऐप का उपयोग कर थाने में खड़ी लावारिस गाड़ियों की जांच की गई, जिसमें बड़ी सफलता हाथ लगी है।
तकनीक से खुला चोरी का राज
निरीक्षण के दौरान जब तोरवा थाने में खड़ी लावारिस स्कूटी (प्लेजर) क्रमांक CG 04 CX 7848 को ‘सशक्त’ ऐप में सर्च किया गया, तो पता चला कि यह वाहन रायपुर के सिविल लाइन थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 780/2022 के तहत चोरी की गई थी। इसी तरह एक अन्य एक्टिवा क्रमांक CG 04 MB 2782 के बारे में जानकारी मिली कि इसके चोरी होने की रिपोर्ट रायपुर के गंज थाने (अपराध क्रमांक 15/2025) में दर्ज है।
तारबहार थाने में भी मिली सफलता
IG साहब के निर्देश पर जांच का दायरा बढ़ाते हुए जब थाना तारबहार में खड़ी मोटर साइकिल क्रमांक CG 10 ED 6156 को चेक किया गया, तो वह भी चोरी की निकली। यह वाहन बिलासपुर के ही चकरभाठा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 435/2023 से संबंधित पाया गया।
होगी वैधानिक कार्रवाई
IG श्री रामगोपाल गर्ग ने पुलिस टीम को निर्देशित किया है कि बरामद किए गए इन तीनों वाहनों के संबंध में संबंधित थानों (रायपुर और चकरभाठा) को तत्काल सूचना भेजी जाए। पुलिस अब इन वाहनों को उनके असली मालिकों तक पहुँचाने और संबंधित मामलों में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुट गई है।


