रतनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नेशनल हाईवे पर लूट करने वाले सरगुजा और कोरिया के 4 आरोपी गिरफ्तार, तंत्र-मंत्र और ठगी का निकला कनेक्शन
बिलासपुर/रतनपुर:
बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-130 पर स्थित ‘हाईवे किंग ढाबा’ के पास कार सवार बदमाशों द्वारा की गई सनसनीखेज लूट का रतनपुर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनके पास से लूटी गई कार, मोबाइल और नकदी सहित घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन भी बरामद किए गए हैं।
पेशाब करने रुके थे, तभी हुआ हमला
घटना 1 फरवरी की दोपहर करीब 3:30 बजे की है। प्रार्थी विजय कुमार राज (48 वर्ष), निवासी दीपका (कोरबा), अपनी तीन महिला रिश्तेदारों के साथ स्विफ्ट डिजायर कार (CG 19 AE 3400) में बिल्हा क्षेत्र से मेला देखकर लौट रहे थे। रतनपुर के पास हाईवे पर जब वे लघुशंका के लिए रुके, तभी दो कारों (क्रेटा और अर्टिगा) में सवार होकर आए चार युवकों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने मारपीट कर उनकी कार, 3 मोबाइल और पर्स में रखे करीब 8 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए।

तंत्र-मंत्र और ठगी से जुड़ा है मामला
पुलिस की पूछताछ में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि प्रार्थी विजय कुमार राज ने उन्हें तंत्र-विद्या और विशेष पूजा-पाठ के जरिए पैसे डबल करने का लालच देकर 2.5 लाख रुपये की ठगी की थी। जब आरोपियों ने अपने पैसे वापस मांगे और उसने मना कर दिया, तो उन्होंने बदला लेने की नीयत से पीछा किया और मदनपुर के पास वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
वारदात की सूचना मिलते ही बिलासपुर एसएसपी श्री रजनेश सिंह (DIG) के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन के आधार पर पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया और उन्हें कोरिया व अंबिकापुर से धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी:
विद्यादास महंत (43 वर्ष) – निवासी सीतापुर, जिला सरगुजा।
रामसुन्दर (32 साल) – निवासी बनखेता, जिला कोरिया।
राजीव कुमार सिंह (37 वर्ष) – निवासी बैकुंठपुर, जिला कोरिया।
गुलशन कुजुर (47 वर्ष) – निवासी चरचा कालरी, जिला कोरिया।
बरामदगी और जप्ती:
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, 3 मोबाइल और 8000 रुपये नकद (कुल कीमत 2.28 लाख) शत-प्रतिशत बरामद कर ली है। साथ ही घटना में प्रयुक्त क्रेटा (CG 15 EA 2300) और अर्टिगा (CG 16 CM 4564) को भी जप्त किया गया है।
अधिकारियों की चेतावनी:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने स्पष्ट किया है कि तंत्र-मंत्र या झाड़-फूंक के नाम पर ठगी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस कड़ी वैधानिक कार्रवाई करेगी।
इस पूरी कार्रवाई में रतनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उनि मेलाराम कठोतिया, प्र. आर. सैय्यद अकबर अली और आरक्षक शशिकांत तिवारी सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही।
रिपोर्टर: अमित पवार
पद: जिला क्राइम रिपोर्टर
संस्थान: सीजी क्राइम न्यूज़, बिलासपुर


