सुरज वाधवानी की खास खबर
चकरभाटा में गूंजेगी शहनाइयां, 15 फरवरी को होगा सामूहिक विवाह का भव्य आयोजन
बिलासपुर:परम आराध्य भगवान झूलेलाल जी की असीम अनुकम्पा और ब्रम्हलीन बाबा गुरमुख दास जी के आशीर्वाद से, श्री सिंधु अमरधाम आश्रम (चकरभाटा कैंप) द्वारा इस वर्ष भी महाशिवरात्रि के पावन उपलक्ष्य पर सामूहिक विवाह का गरिमामय आयोजन किया जा रहा है।
सांई लालदास जी के पावन सानिध्य में आयोजित होने वाले इस समारोह में इस वर्ष 6 जोड़े परिणय सूत्र में बंधकर अपने नए जीवन की शुरुआत करेंगे। यह आयोजन रविवार, 15 फरवरी 2026 को झूलेलाल नगर स्थित आश्रम परिसर में संपन्न होगा।

कार्यक्रम की रूपरेखा
विवाह की रस्में सुबह 8:30 बजे ‘रामसत’ के साथ प्रारंभ होंगी। इसके पश्चात सुबह 9:30 बजे मुकुट बंधन की रस्म होगी। मुख्य आकर्षण भव्य बारात होगी, जो सुबह 11:00 बजे श्री झूलेलाल मंदिर से प्रस्थान करेगी। दोपहर में जानीवासा और महिलाओं के विशेष ‘लाडा’ (लेडिस संगीत) के साथ स्नेह भोज का आयोजन किया गया है। अंत में, शाम 4:00 बजे पवित्र वेदी पर हस्त मिलाप और फेरों की रस्म अदा की जाएगी।
”संस्था का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलना और सेवा भाव से नव-युगलों को गृहस्थ जीवन में प्रवेश कराना है।”
श्री सिंधु अमरधाम आश्रम परिवार ने बिलासपुर और आसपास के सभी श्रद्धालुओं एवं गणमान्य नागरिकों को इस मांगलिक उत्सव में पधारकर वर-वधु को आशीर्वाद देने हेतु सादर आमंत्रित किया है।



