राजकिशोर नगर लूट कांड का 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश; उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से मास्टरमाइंड विजय लांबा समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर | 19 फरवरी, 2026 बिलासपुर के थाना सरकंडा अंतर्गत राजकिशोर नगर में हुई सशस्त्र लूट की गंभीर वारदात को सुलझाते हुए पुलिस ने महज 24 घंटों के भीतर अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से लूटे गए करोड़ों के जेवरात, नकदी और घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए हैं।

घटना का विवरण
दिनांक 17.02.2026 की रात्रि करीब 9:15 बजे, महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी अपनी दुकान बंद कर जेवरात और नकदी लेकर अपनी क्विड कार (CG 10 AH 7701) से घर जा रहे थे। राजकिशोर नगर के पास एक सफेद ईको कार में सवार अपराधियों ने योजनाबद्ध तरीके से उनकी कार को टक्कर मारी। इसके पश्चात आरोपियों ने पिस्तौल की बट और हथौड़े से उन पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया और कार सहित 2 किलो 650 ग्राम सोना एवं 3,50,000 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
त्वरित कार्रवाई और विवेचना
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। आईजी श्री गर्ग के निर्देश पर पूरे रेंज में नाकेबंदी की गई। तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और डॉग स्क्वॉड की मदद से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। लावारिस मिली पीड़ित की कार से फिंगरप्रिंट एकत्र किए गए।

UP पुलिस के सहयोग से हुई गिरफ्तारी
मुखबिरों और तकनीकी इनपुट से पता चला कि आरोपी उत्तर प्रदेश की ओर भाग रहे हैं। बिलासपुर पुलिस ने तत्काल उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क साधा। मिर्जापुर जिले के थाना अहरौरा की पुलिस ने घेराबंदी कर रात्रि में दो आरोपियों को कार सहित और दो अन्य को जंगल से गिरफ्तार किया। वहीं, रेकी करने वाले पांचवें आरोपी को बिलासपुर से ही दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- विजय लांबा (मास्टरमाइंड, दिल्ली) – इसके विरुद्ध विभिन्न राज्यों में 70 से अधिक मामले दर्ज हैं।
- मोनू उर्फ राहुल (गौतमबुद्ध नगर, UP)
- विनोद उर्फ बीनू (कोटा, राजस्थान)
- करीम खान (बरेली, UP)
- इरफान अली (टिकरापारा, बिलासपुर) – रेकी और स्थानीय सहयोग में शामिल।
बरामदगी:
लूटे गए सोने के आभूषण (लगभग 2.65 किलो) और नकदी।घटना में प्रयुक्त आग्नेय अस्त्र (फायर आर्म्स) और जिंदा कारतूस।
- वारदात में इस्तेमाल ईको कार, मोटरसाइकिल और स्कार्पियो।
टीम की सराहना
इस चुनौतीपूर्ण कार्रवाई में एएसपी श्रीमती मधुलिका सिंह, पंकज पटेल, सीएसपी निमितेश सिंह, प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन सहित सरकंडा थाना और एसीसीयू (ACCU) टीम की मुख्य भूमिका रही। आईजीपी श्री रामगोपाल गर्ग ने टीम के समन्वय और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।



