ब्युरो रिपोट उमाशंकर शुक्ला
भीषण गर्मी में पानी को तरसते राजकिशोर नगर के वार्डवासी, नगर निगम के सारे दावे फेल
दो महीने से चरमराई जल व्यवस्था; तुलसी आवास के रहवासी 200 मीटर दूर से पानी लाने को मजबूर


बिलासपुर:एक तरफ जहां पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुका है, वहीं नगर निगम के जल आपूर्ति के दावे धरातल पर दम तोड़ते नजर आ रहे हैं। अरपा परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले राजकिशोर नगर (वार्ड क्रमांक 51) में पानी की समस्या अब विकराल रूप ले चुकी है। वार्ड के तुलसी आवास ब्लॉक-2 और ब्लॉक-3 के निवासी बूंद-बूंद पानी के लिए मोहताज हैं।
धरातल पर बदहाली की स्थिति:
‘सीजी क्राइम न्यूज़’ की टीम द्वारा किए गए जमीनी सर्वे में नगर निगम की व्यवस्थाओं की पोल खुल गई है। पिछले दो-तीन महीनों से वार्ड में पानी की सप्लाई पूरी तरह चरमरा गई है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि स्थिति इतनी बदतर है कि उन्हें अपनी दैनिक जरूरतों के लिए दूसरे ब्लॉकों से करीब 200 मीटर दूर पैदल जाकर पानी ढोना पड़ रहा है।

अधिकारियों की चुप्पी और ऑपरेटर की मनमानी:
वार्डवासियों में निगम प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। नागरिकों का कहना है कि:
कभी दिन में पानी आता है तो कभी आधी रात को, और कई बार तो घंटों इंतज़ार के बाद भी नल सूखे रहते हैं।

बीते दो महीनों से लगातार शिकायतें करने के बावजूद निगम के अधिकारियों ने अब तक कोई सुध नहीं ली है।
जब इस संबंध में नल ऑपरेटर से बात की गई, तो उसका गैर-जिम्मेदाराना जवाब सामने आया। ऑपरेटर का कहना है कि उसका काम सिर्फ “पानी चालू करना” है, बाकी समस्याओं से उसका कोई सरोकार नहीं है।
बड़ा सवाल:
जैसे-जैसे गर्मी बढ़ेगी, पानी की मांग और ज्यादा होगी। ऐसे में बड़ा सवाल यह उठता है कि क्या नगर निगम प्रशासन नींद से जागेगा? क्या वार्ड 51 के वासियों को इस भीषण तपिश में पर्याप्त जल मिल पाएगा या उन्हें इसी तरह प्यासा रहना पड़ेगा?
वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जलापूर्ति सुचारू नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।


