भोले-भाले ग्रामीणों के मोबाइल से धोखाधड़ी कर लोन की राशि हड़पने वाला शातिर आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार।
दुकानदारों के मोबाइल फोन मांगकर कराता था ऑनलाइन लोन।पेटीएम के माध्यम से लोन दिलाकर रकम अपने खाते में करता था ट्रांसफर। मल्हार पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गोपी कश्यप सलाखों के पीछे।
बिलासपुर मल्हार प्रार्थी शिवकुमार राय (निवासी ग्राम चकरबेड़ा, मल्हार) ने चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके परिचित गोपी कश्यप ने उसे लोन दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने प्रार्थी के मोबाइल का उपयोग कर ऑनलाइन लोन सैंक्शन कराया और प्रार्थी को बिना बताए उसके खाते में आई 80,000 रुपये की राशि को अलग-अलग किस्तों में अपने स्वयं के खाते में ट्रांसफर कर लिया।

जब प्रार्थी को ठगी की शंका हुई और उसने बैंक ऑफ महाराष्ट्र जाकर जांच की, तो पता चला कि गोपी कश्यप ने धोखाधड़ी की है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ‘पेटीएम बॉक्स सुधारने’ के बहाने अन्य ग्रामीणों का मोबाइल लेकर भी इसी तरह लोन की राशि पार कर चुका है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक श्री रजनीश सिंह को अवगत कराया गया। उनके निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी मस्तूरी श्री एल.सी. मोहल्ले के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी को उसके गृह ग्राम धुर्वाकारी से चंद घंटों के भीतर धर दबोचा।
नाम: गोपी कश्यप उर्फ गोपी किशन, पिता सुरेंद्र वर्मा।
उम्र: 32 वर्ष। निवासी: ग्राम धुर्वाकारी, थाना पचपेड़ी।
आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार किया है। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जप्त कर लिया गया है। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विधिवत न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
सराहनीय भूमिका:
उक्त कार्रवाई में उप निरीक्षक अवधेश सिंह, आरक्षक रमेश साहू, किशन राय, अभिजीत और सुखदेव पाल की विशेष एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही।


