ई-रिक्शा चालकों के समर्थन में उतरे कांग्रेस नेता; एसपी ने मानी मांग, अब 5 मई तक बनवा सकेंगे लाइसेंस और ड्रेस कोड
बिलासपुर | 25 अप्रैल, 2026 महानगर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अभियान के बीच, ई-रिक्शा चालकों को बड़ी राहत मिली है। यातायात विभाग द्वारा लाइसेंस और ड्रेस कोड के लिए दी गई समय सीमा समाप्त होने के बाद, कांग्रेस नेताओं के हस्तक्षेप पर पुलिस अधीक्षक ने चालकों को 10 दिन का अतिरिक्त समय प्रदान किया है।
बिलासपुर में लगभग 10,000 से अधिक ई-रिक्शा चालक हैं। यातायात विभाग ने 25 अप्रैल तक सभी के लिए अनिवार्य ड्रेस कोड और लाइसेंस प्रक्रिया पूरी करने की चेतावनी दी थी। इस पर ई-रिक्शा चालक संघ ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक श्री त्रिलोकचंद श्रीवास से संपर्क कर अपनी आर्थिक मजबूरियां बताईं।

कांग्रेस नेता श्री त्रिलोक श्रीवास के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने जिले के पुलिस अधीक्षक श्री रजनीश सिंह से भेंट की। इस प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री प्रमोद नायक, प्रदेश प्रवक्ता श्री अभय नारायण राय और वरिष्ठ नेता श्री राजेंद्र शुक्ल शामिल थे।
कांग्रेस नेताओं ने एसपी के समक्ष रखीं प्रमुख शर्तें:
अतिरिक्त समय: 90% चालक गरीब परिवारों से हैं, जिन्हें ड्रेस और लाइसेंस शुल्क जुटाने के लिए कम से कम 10 दिन का समय और दिया जाए।
नाबालिग चालकों पर रोक: शहर की सुरक्षा के लिए नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा चलाने पर सख्त कार्रवाई हो।
नशाखोरी पर लगाम: नशे की हालत में वाहन चलाने वाले और अवैध पार्किंग करने वालों पर प्रशासन कड़ी कार्रवाई करे।
पुलिस अधीक्षक श्री रजनीश सिंह ने कांग्रेस नेताओं की मांगों पर संवेदनशीलता दिखाते हुए ई-रिक्शा चालकों को 5 मई तक का समय प्रदान किया है। इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि:
शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जल्द ही ऑटो चालकों की एक बड़ी कार्यशाला (वर्कशॉप) आयोजित की जाएगी।”
इस अवसर पर ई-रिक्शा चालक संघ के अध्यक्ष संजय खुरसायल, दुर्गा साहू, रफीक खान, राजा श्रीवास, नायडू भाई सहित सैकड़ों की संख्या में चालक उपस्थित थे। संघ के सदस्यों ने इस राहत के लिए कांग्रेस नेताओं और पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त किया है।


