कोटा पुलिस की बड़ी सफलता: डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय के छात्रावास से लापता छात्र नागपुर से सकुशल बरामद
बिलासपुर (कोटा): दिनांक 27 अप्रैल 2026 मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय के बालक छात्रावास (करगी रोड, कोटा) में बी. फार्मेसी चतुर्थ सेमेस्टर का छात्र रोहित कुमार पिता अमरेन्द्र कुमार, दिनांक 06/03/2026 को अचानक छात्रावास से गायब हो गया था। इसकी रिपोर्ट सूचक राजा मिश्रा द्वारा थाना कोटा में दर्ज कराई गई थी, जिस पर ‘गुम इंसान’ क्रमांक 29/2026 कायम कर जांच शुरू की गई।
उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने सघन जांच करते हुए छात्र के सहपाठियों के बयान लिए, कॉल डिटेल्स (CDR) और बैंक अकाउंट्स का बारीकी से विश्लेषण किया। इस दौरान टीम ने दमोह, मथुरा और वृन्दावन में भी दबिश दी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अंततः टेक्निकल एविडेंस के आधार पर छात्र के नागपुर में होने की पुष्टि हुई।
सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस टीम नागपुर रवाना हुई और दिनांक 26/04/2026 को रोहित कुमार को सकुशल बरामद कर थाना कोटा लाया गया। पूछताछ में छात्र ने बताया कि वह ऑनलाइन गेमिंग का आदी हो गया था और गेम में पैसे लगाने के लिए उसने कई लोगों से कर्ज ले लिया था। पिता को पता चलने के डर से उसने खुद ही छात्रावास से भागने की योजना बनाई थी।
बरामदगी के पश्चात छात्र का कथन दर्ज कर उसे उसके परिजनों को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया है। परिजनों ने बिलासपुर पुलिस की त्वरित कार्यवाही और संवेदनशीलता की सराहना की है।
इस सफल अभियान में निरीक्षक नरेश चौहान, सउनि गोपाल खाण्डेकर, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, अनिल साहू, जलेश्वर साहू और सायबर सेल से आरक्षक प्रशांत राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


