बिलासपुर पुलिस का “प्रहार”: सूने मकानों में सिलसिलेवार चोरी करने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार, ₹45 लाख से अधिक का माल बरामद
बिलासपुर। श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.), पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के मार्गदर्शन में, शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर लगाम कसने हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। ए.सी.सी.यू. (ACCU) और थाना सिविल लाइन की संयुक्त टीम ने आठ बड़ी चोरियों का खुलासा करते हुए एक शातिर अंतर्जिले चोर को गिरफ्तार किया है।

एसी मिस्त्री की आड़ में करता था ‘रेकी’
पकड़ा गया मुख्य आरोपी सूरज काछी (30 वर्ष), निवासी गौरेला, वर्तमान में मंगला क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। आरोपी पेशे से एसी मैकेनिक है। वह घरों में एसी, फ्रिज और वाशिंग मशीन ठीक करने के बहाने घुसता था और सूने मकानों की रेकी करता था। जुए (ऑनलाइन गेमिंग – परी मैच) की लत और करीब 30 लाख रुपये की हार के कारण चढ़े कर्ज को उतारने के लिए उसने चोरी का रास्ता चुना।

हाइटेक तरीके से देता था वारदात को अंजाम
आरोपी चोरी के दौरान अपनी पहचान छिपाने के लिए मास्क और टोपी का प्रयोग करता था। वह वारदात के बाद घर के अंदर ही कपड़े बदल लेता था ताकि सीसीटीवी फुटेज में पुलिस को भ्रमित कर सके। भागते समय वह बंद मोबाइल को कान से लगाकर बात करने का नाटक करता था ताकि कोई उस पर संदेह न करे। उसने सिविल लाइन क्षेत्र के कुदुदण्ड, यमुना नगर, नंद विहार, गीतांजली पार्क और नेहरू नगर जैसे क्षेत्रों में सिलसिलेवार चोरियां की थीं।
1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की मदद से पहचान
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी बिलासपुर के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने शहर के लगभग 1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। साइबर सेल की तकनीकी सहायता और लोकल इनपुट के आधार पर संदिग्ध की पहचान सूरज काछी के रूप में हुई, जिसे कड़ी घेराबंदी कर 27 अप्रैल 2026 को पकड़ा गया।
बरामदगी और चोरी का नेटवर्क
आरोपी चोरी के जेवरातों को कटनी और पेंड्रा के सुनारों को बेच देता था और उन्हीं पैसों से नया सोना खरीदकर ‘मुथूट गोल्ड लोन’ कंपनियों में गिरवी रख देता था। वह लोन की रकम सीधे अपने बैंक खाते में जमा कराता था। पुलिस ने आरोपी के पास से निम्नलिखित सामग्री बरामद की है:
सोना: 252 ग्राम (कीमत ₹37.80 लाख) चांदी: 1 किलो 95 ग्राम (कीमत ₹4.87 लाख) वाहन: एक स्कूटी और एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल। घरेलू सामान: फ्रिज, सोफा, कूलर, इन्वर्टर, बैटरी और दो मोबाइल। कुल बरामद: लगभग ₹45,84,500/-
टीम की सराहना
इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में सीएसपी सिविल लाइन श्री निमितेश सिंह, निरीक्षक एस.आर. साहू, ए.सी.सी.यू. प्रभारी गोपाल सतपथी और उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय ने पूरी टीम के लिए उचित पुरस्कार की घोषणा की है।




Nội dung cực kỳ hữu ích và thú vị cricfy tv app download TONY08-10