ब्युरो रिपोट उमाशंकर शुक्ला
ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी करने वाले 02 अपचारी बालक रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता से पकड़े गए।
दपूमरे, नागपुर मंडल – रेल यात्रियों की सुरक्षा एवं ट्रेनों के निर्बाध संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल के रेलवे सुरक्षा बल द्वारा एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है। दिनांक 03.05.2026 को गाड़ी संख्या 12101 ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के सामान्य कोच में रसमड़ा–दुर्ग रेलखंड के मध्य किमी 869/10-12 के पास पत्थरबाजी की घटना की सूचना प्राप्त हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही श्री दीप चंद्र आर्य, मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेसुब/दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर के मार्गदर्शन में तथा निरीक्षक प्रभारी, आरपीएफ पोस्ट राजनांदगांव के नेतृत्व में टीम द्वारा तत्काल सक्रियता दिखाते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर सघन जांच प्रारंभ की गई। आसपास के क्षेत्र में गहन पतासाजी के दौरान टीम बघेरा गेट के समीप पहुंची, जहां दो अपचारी बालक संदिग्ध अवस्था में पाए गए।

पूछताछ में एक बालक ने स्वीकार किया कि वह अपने मित्र के साथ तालाब में नहाने के पश्चात आपसी शर्त के चलते अपनी निशानेबाजी साबित करने के लिए गुजर रही ट्रेन पर पत्थर फेंका, जो कोच के कांच से जा टकराया। घटना को बालक द्वारा अपने अभिभावक के समक्ष भी स्वीकार किया गया।
उक्त प्रकरण में आरपीएफ पोस्ट राजनांदगांव में रेल अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्यवाही की जा रही है।
रेलवे सुरक्षा बल ने पुनः स्पष्ट किया है कि चलती ट्रेनों पर पत्थरबाजी जैसी घटनाएं न केवल कानूनन अपराध हैं, बल्कि यात्रियों की जान को गंभीर खतरे में डालती हैं। ऐसे कृत्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा आम नागरिकों एवं रेल यात्रियों से अपील की जाती है कि रेलवे ट्रैक या उसके आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, वस्तु या असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल नजदीकी आरपीएफ पोस्ट अथवा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें।
रेलवे सुरक्षा बल यह भी आश्वस्त करता है कि सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा आपकी सतर्कता से किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सकता है।


