तीर्थ यात्रा के नाम पर ठगी करने वाला फर्जी सदस्य गिरफ्तार, रतनपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
बिलासपुर (छत्तीसगढ़):राम जन्मभूमि (अयोध्या) की तीर्थयात्रा कराने के नाम पर दर्जनों ग्रामीणों से धोखाधड़ी करने वाले शातिर आरोपी को रतनपुर पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी हेमंत साहू (निवासी गोंदईया) ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि मुंगेली जिले के झझपुरीकला निवासी आरोपी होरीलाल अनंत उर्फ राज अनंत (32 वर्ष) ने खुद को ‘श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र’ का सदस्य बताया था। आरोपी ने ग्राम गोंदईया और बछालीखुर्द के करीब 75 ग्रामीणों को अयोध्या दर्शन कराने का झांसा देकर उनसे कुल 1,12,575 रुपये वसूल लिए। साल भर बीत जाने के बाद भी न तो उसने यात्रा कराई और न ही लोगों के फोन उठा रहा था।
शिकायत पर रतनपुर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तुरंत टीम गठित की। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी होरीलाल अनंत को चंद घंटों में धर दबोचा और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस त्वरित व सफल कार्रवाई में रतनपुर थाना प्रभारी व प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन, सउनि नरेश गर्ग, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह और आरक्षक बिजेन्द्र रात्रे का विशेष योगदान रहा।


