ग्रीष्मकालीन यात्रा में यात्रियों की सुविधा हेतु दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की विशेष पहल!
विभिन्न रूटों पर संचालित अनेक स्पेशल ट्रेनों में उपलब्ध हैं पर्याप्त सीटें एवं कन्फर्म बर्थ, यात्री अवश्य लाभ उठाएँ ।
बिलासपुर, ग्रीष्मकालीन अवकाश एवं बढ़ती यात्री मांग को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए अलग-अलग जगहों के लिए विभिन्न टीओडी (ट्रेन ऑन डिमांड) स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इन विशेष ट्रेनों में वर्तमान में पर्याप्त संख्या में सीटें एवं बर्थ उपलब्ध हैं, जिससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट के साथ सुगम, सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा का बेहतर अवसर मिल रहा है।

इन ट्रेनों के लिए आज दिनांक 27 मई 2026 को जारी ऑक्यूपेंसी रिपोर्ट के अनुसार गाड़ी संख्या 08201 बिलासपुर–पोत्तनूर स्पेशल में 28 मई 2026 की यात्रा हेतु स्लीपर श्रेणी में लगभग 845 बर्थ की उपलब्धता हैं। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 08707 दुर्ग–एर्नाकुलम स्पेशल में 30 मई 2026 की यात्रा हेतु स्लीपर श्रेणी में लगभग 1256 बर्थ उपलब्ध हैं।
इसके अतिरिक्त गाड़ी संख्या 08811 गोंदिया–आगरा कैंट स्पेशल में 28 मई 2026 की यात्रा हेतु वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी (2एसी) में लगभग 40 बर्थ, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी (3एसी) में लगभग 44 बर्थ तथा स्लीपर श्रेणी में लगभग 414 बर्थ अभी उपलब्ध हैं।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि वे इन स्पेशल ट्रेनों में उपलब्ध बर्थों का लाभ उठाकर अपनी यात्रा को अधिक सुविधाजनक एवं आरामदायक बनाएं। इन ट्रेनों के टिकटों की बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट एवं मोबाइल ऐप के साथ-साथ सभी कम्प्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों (पीआरएस काउंटरों) पर उपलब्ध है।
रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की मांग, बुकिंग की स्थिति एवं यात्रा आवश्यकताओं के आधार पर विशेष ट्रेनों के संचालन की सतत समीक्षा की जा रही है, ताकि यात्रियों को बेहतर एवं सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे सुरक्षित, समयबद्ध एवं आरामदायक रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।


