ब्युरो रिपोट दिनेश आहुजा
बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण में बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के ऐतिहासिक नगर मल्हार का उल्लेख करते हुए यहां प्राप्त प्राचीन ताम्रपत्रों की ऐतिहासिक महत्ता को देश के सामने रखा। इस पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने प्रधानमंत्री के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

श्री साहू ने कहा कि मल्हार छत्तीसगढ़ की प्राचीन सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां प्राप्त ताम्रपत्र भारतीय इतिहास, प्रशासनिक व्यवस्था, सामाजिक संरचना तथा तत्कालीन शासन व्यवस्था के महत्वपूर्ण साक्ष्य माने जाते हैं। प्रधानमंत्री द्वारा इन ऐतिहासिक धरोहरों का उल्लेख किए जाने से मल्हार की गौरवशाली विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की सांस्कृतिक विरासत, पुरातात्विक धरोहरों और स्थानीय इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने का सतत प्रयास कर रहे हैं। ‘मन की बात’ जैसे राष्ट्रीय मंच पर मल्हार के ताम्रपत्रों का उल्लेख समूचे बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र और छत्तीसगढ़वासियों के लिए गर्व का विषय है।
श्री साहू ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री के इस उल्लेख से मल्हार के ऐतिहासिक महत्व के प्रति देशभर में जागरूकता बढ़ेगी, पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा तथा आने वाली पीढ़ियों को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जानने और संरक्षित करने की प्रेरणा मिलेगी।


