बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत भारी मात्रा में रेलवे का चोरी का कबाड़ जब्त, 7 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर (छत्तीसगढ़):बिलासपुर जिले में अवैध कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत थाना बिल्हा और रेलवे विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आमापारा बिल्हा स्थित कबाड़ दुकान पर दबिश देकर रेलवे लाइन के पार्ट्स सहित भारी मात्रा में चोरी का लोहा बरामद किया है।


कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 83 क्विंटल 15 किलोग्राम लोहे का कबाड़ और इसे परिवहन कर रहे दो वाहनों (छोटा हाथी और पिकअप) को जब्त किया है। जब्त कबाड़ और वाहनों की कुल कीमत 14,25,500 रुपये आंकी गई है। बरामद सामानों में शासकीय रेल लाइन के लोहे के लाइनर, चाबी, एंगल, प्लेट और पाइप शामिल हैं, जिनके संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
इस मामले में मुख्य आरोपी इमरान कुरैशी (38 वर्ष) समेत कबाड़ लोड कर रहे कुल 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 35(1), (ड) बीएनएसएस, 303(2) बीएनएस और 3 रेल संपत्ति अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। इस पूरी कार्रवाई में बिल्हा थाना प्रभारी तोपसिंह नवरंग और रेलवे टीम की मुख्य भूमिका रही।



