पारिवारिक विवाद में पति ने पत्नी की धारदार हथियार से की हत्या, आरोपी हिरासत में
बिलासपुर: थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत दीनदयाल कॉलोनी, संगम नगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक वृद्ध पति ने अपनी ही पत्नी पर धारदार चापड़ से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी बंचू राम सोनवानी (उम्र 64 वर्ष) अपनी पत्नी के अन्य लोगों से बातचीत करने की आदत से नाराज रहता था, जिसे लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। पूछताछ में परिजनों ने यह भी बताया कि आरोपी की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं चल रही थी। आज विवाद बढ़ने पर आरोपी ने घर में रखे धारदार चापड़ से मृतका पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम द्वारा बारीकी से निरीक्षण कर घटना से जुड़े आवश्यक साक्ष्य और नमूने संकलित किए गए हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



