NTPC के राखड़ डाइक क्रमांक-3 से उड़ी राखड़, ग्राम भिलाई के ग्रामीण परेशान
भिलाई (बिलासपुर)। गुरुवार सायंकाल NTPC सीपत के राखड़ डाइक क्रमांक-3 से बड़ी मात्रा में राखड़ उड़कर ग्राम पंचायत भिलाई एवं आसपास के क्षेत्रों में फैल गई। राखड़ उड़ने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा तथा वातावरण में धूल का गुबार छा गया।
ग्रामीणों का कहना है कि राखड़ के कारण घरों, आंगनों एवं सार्वजनिक स्थलों पर धूल की परत जम गई, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की आशंका बढ़ गई है। बच्चों, बुजुर्गों एवं श्वास संबंधी रोगियों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस प्रकार की घटनाएं समय-समय पर होती रहती हैं, लेकिन NTPC प्रबंधन द्वारा समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। साथ ही प्रभावित ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य शिविर, स्वास्थ्य जांच एवं राहत संबंधी गतिविधियां भी आयोजित नहीं की जा रही हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं NTPC प्रबंधन से मांग की है कि राखड़ उड़ने की समस्या को रोकने के लिए तत्काल प्रभावी व्यवस्था की जाए तथा प्रभावित ग्रामवासियों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु विशेष शिविर आयोजित किए जाएं।



