बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सूने कोठे से 19 बकरा-बकरी चुराने वाले 06 आरोपी गिरफ्तार, स्कार्पियो और ₹1.50 लाख जब्त
बिलासपुर। रतनपुर पुलिस और साइबर सेल बिलासपुर की संयुक्त टीम ने मवेशी चोरों के एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के बकरा-बकरी बेचने से मिली 1,50,000 रुपये नगद राशि और वारदात में इस्तेमाल की गई महिन्द्रा स्कार्पियो गाड़ी जब्त की गई है।

रेकी कर देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी समन सिंह पैकरा (निवासी ग्राम चकराभांठा, रतनपुर) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 जून 2026 की रात अज्ञात चोरों ने उनके कोठे की ईंट की दीवार तोड़कर 04 बकरा और 15 बकरी (कुल 19 नग) पार कर दिए थे।
जांच के दौरान संयुक्त टीम ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने कुबूल किया कि वे स्कार्पियो गाड़ी से घूम-घूम कर गांवों में खेत समतलीकरण का काम मांगते थे। इस दौरान जहां भी बकरा-बकरी दिखते, वहां रेकी कर रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। उन्होंने चोरी किए गए मवेशियों को 1,75,000 रुपये में बेचा था, जिसमें से 25,000 रुपये उन्होंने खर्च कर दिए।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
पकड़े गए आरोपी मूल रूप से मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के निवासी हैं, जो वर्तमान में कर्रा (रतनपुर) में रह रहे थे:
- बबलू खान (57 वर्ष, जबलपुर, म.प्र.)
- अमूर खान (66 वर्ष, जबलपुर, म.प्र.)
- अमीन खान (41 वर्ष, जबलपुर, म.प्र.)
- हबीम खान (35 वर्ष, जबलपुर, म.प्र.)
- शाहरुख खान (22 वर्ष, जबलपुर, म.प्र.)
- मोहम्मद अछछन (33 वर्ष, अमरोहा, उ.प्र.)
