छठी कार्यक्रम में मारपीट कर हत्या करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर (छत्तीसगढ़), चौकी बेलगहना (थाना कोटा) पुलिस ने ग्राम कसईबहरा में हुई अमरसिंह पेन्द्रो की हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
घटना का विवरण
पुलिस के अनुसार, दिनांक 08.07.2026 की रात डायल 112 के माध्यम से ग्राम कसईबहरा में अमरसिंह की हत्या की सूचना मिली थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती माधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय के दिशा-निर्देशन में बेलगहना पुलिस एवं एफएसएल टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

जांच में पता चला कि 7 जुलाई की शाम मृतक अमरसिंह अपने पड़ोसी मोतीलाल पोर्ते के घर छठी कार्यक्रम में गया था। वहां मौजूद आरोपी रोहित पोर्ते, दीपक पोर्ते और प्रदीप वाकरे ने अमरसिंह पर शराब पीकर माहौल खराब करने का आरोप लगाया और उसे घर जाने को कहा। अमरसिंह के मना करने पर तीनों ने एक राय होकर उसे लात-घूंसों और मुक्कों से बेरहमी से पीटा। मृतक की पत्नी चंद्रकली ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी नहीं माने। इसके बाद आरोपियों ने अमरसिंह को छठी घर से घसीटते हुए करीब 60-65 मीटर दूर उसके घर के पास ले जाकर छोड़ दिया। गंभीर अंदरूनी चोटों के कारण अगले दिन अमरसिंह की मृत्यु हो गई।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने संदेहियों—रोहित पोर्ते (30 वर्ष), दीपक पोर्ते (23 वर्ष) और प्रदीप वाकरे (21 वर्ष)—को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मर्ग पंचनामा, गवाहों के बयान और शॉर्ट पीएम रिपोर्ट के आधार पर तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक बी.एन. बनाफर, सउनि भरतलाल राठौर और आरक्षकों की मुख्य भूमिका रही।



