यातायात पुलिस बिलासपुर की बड़ी पहल: स्कूल बसों की सुरक्षा और चालकों के स्वास्थ्य की जांच के लिए लगा विशाल संयुक्त शिविर
बिलासपुर यातायात पुलिस और अन्य विभागों के समन्वय से स्कूल बसों में सुरक्षा मापदंडों का पालन कराने हेतु लगा विशाल शिविर।
पुलिस लाइन में जुटीं बसें: जिले के समस्त शिक्षण संस्थानों के बस प्रभारी, चालक और परिचालक बसों सहित पुलिस लाइन बिलासपुर में हुए एकत्रित।
फिटनेस और स्वास्थ्य जांच: बसों का मैकेनिकल मुलाइजा करने के साथ ही चालक-परिचालकों का किया गया निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण।
सख्त निर्देश: टैक्स, फिटनेस, परमिट, जीपीएस, स्पीड गवर्नर और प्रदूषण प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज अपूर्ण होने पर परमिट निरस्त करने की दी गई हिदायत।
बिलासपुर। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश व मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री रामगोपाल करियारे के नेतृत्व में बिलासपुर यातायात पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम जनमानस को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज सड़क सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक विशाल संयुक्त जांच एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

इस विशेष शिविर में यातायात पुलिस बिलासपुर, जिला पुलिस विभाग की वाहन शाखा, जिला परिवहन विभाग (RTO) और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने हिस्सा लिया।
चेक लिस्ट के आधार पर हुई 200 से अधिक बसों की जांच
शिविर के लिए समस्त स्कूल प्रबंधकों और प्राचार्यों को आज प्रातः 07:00 बजे पुलिस परेड ग्राउंड बिलासपुर में शत-प्रतिशत बसें प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। पालन स्वरूप 200 से अधिक स्कूल बसों को ग्राउंड में एकत्रित किया गया।
जांच के दौरान पूर्व निर्धारित चेक लिस्ट के आधार पर निम्नलिखित दस्तावेजों व सुरक्षा मानकों की कड़ाई से पड़ताल की गई:

टैक्स, फिटनेस, बीमा और रूट परमिट
स्पीड गवर्नर (गति नियंत्रक) प्रमाण पत्र
जीपीएस (GPS) और पैनिक बटन की क्रियाशीलता
वायु प्रदूषण (PUC) प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज
कड़ी चेतावनी: जिन स्कूल बसों के दस्तावेज या सुरक्षा मानक अपूर्ण पाए गए, उनके संचालकों और प्रबंधकों को तत्काल इन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। समय सीमा में नियम पालन न करने की स्थिति में संबंधित स्कूल बसों का परमिट निरस्त करने की सख्त हिदायत दी गई है।
चालक-परिचालकों का स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण
शिविर में बसों की मैकेनिकल कमियों को सुधारने के निर्देश देने के साथ-साथ वाहन चालकों और परिचालकों के स्वास्थ्य व आंखों की बारीकी से जांच की गई। उन्हें हिदायत दी गई कि वे बच्चों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता बरतें, नियमों का पालन करें और बसों का नियमित रखरखाव करें ताकि सड़कों पर ब्रेकडाउन या किसी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
शिविर में मुख्य रूप से उपस्थित अधिकारीगण
इस वृहद शिविर के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) असीम माथुर, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. सुधांशू शर्मा, नेत्र सहायक अधिकारी नवीन तम्बोली एवं भागीरथ बंजारे सहित शासकीय अस्पताल के चिकित्सक व सहयोगी स्टाफ उपस्थित रहा।
यातायात पुलिस से सहायक उप निरीक्षक वीरेंद्र नेताम, प्रधान आरक्षक ओंकार सिंधु, आरक्षक गौतम खुसरो, घनश्याम राठौर, बालाराम सहित भारी संख्या में स्कूलों के बस प्रभारी, चालक और परिचालक उपस्थित थे।



