चकरभाठा में चोरों का आतंक: दिनदहाड़े गैस सिलेंडर पार, सूने मकान से लाखों की चोरी
चकरभाठा: क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोह के हौसले बुलंद हैं। पिछले 24 घंटों के भीतर चकरभाठा के अलग-अलग वार्डों में चोरी की दो बड़ी वारदातों ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों ने एक ओर जहां दिनदहाड़े गैस डिलीवरी वाहन को निशाना बनाया, वहीं दूसरी ओर एक सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया।
घटना 1: ओटीपी लेने गया चालक, एक्टिवा सवार चोर ले उड़े गैस सिलेंडर
पहली घटना वार्ड क्रमांक 9 (वर्मा मोहल्ला) की है। गैस सिलेंडर डिलीवर करने आए ऑटो चालक राजू के मुताबिक, वह एक घर में सिलेंडर देने और ग्राहक से ओटीपी (OTP) लेने अंदर गया था। इसी बीच एक्टिवा पर सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे। एक युवक ने आस-पास तांक-झांक कर मौका पाकर ऑटो में रखी भरी हुई गैस टंकी को निकाला और दोनों तेजी से फरार हो गए। यह पूरी वारदात दिनदहाड़े घटित हुई।
घटना 2: सूने मकान से सोने-चांदी के जेवर सहित 1 लाख रुपये नगद पार
दूसरी बड़ी वारदात वार्ड क्रमांक 15 में आत्मानंद स्कूल के सामने रहने वाले के.के. तिवारी (गुरुजी) के निवास पर हुई। गुरुजी सपरिवार दो दिनों के लिए बाहर गए हुए थे। कल शाम जब वे वापस लौटे, तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। चोरों ने पूरे घर को खंगालकर अलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण और ₹1,00,000 नगद समेट लिए और रफूचक्कर हो गए।
सुरक्षा पर सवाल:
एक ही दिन में हुई इन दो बड़ी चोरियों से चकरभाठा के नागरिकों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोर गिरोह को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।



