बिल्हा पुलिस की त्वरित कार्यवाही; हत्या का प्रयास करने वाला आरोपी गिरफ्तार।
दीवार से सटाकर मकान बनाने के विवाद में पिता-पुत्र पर हुआ था जानलेवा हमला।
मुख्य आरोपी सोहन यादव भेजा गया न्यायिक रिमांड पर, अन्य आरोपियों की तलाश जारी।
बिलासपुर: थाना बिल्हा क्षेत्र के ग्राम डोडकी में दीवार सटाकर मकान बनाने के विवाद पर पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
मामला दिनांक 13.07.2026 का है, जब प्रार्थी रमेश कुमार कोसले और उनके पिता अंजोरदास पर पुरानी रंजिश व मकान निर्माण के विवाद को लेकर गांव के ही रामू यादव, रामजीवन यादव और सोहन यादव ने एक राय होकर गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से डंडे से प्राणघातक हमला कर दिया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध किया।

पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन एवं उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बिल्हा द्वारा टीम गठित कर दबिश दी गई। मामले का मुख्य आरोपी सोहन यादव (उम्र 60 वर्ष) को डोडकी से गिरफ्तार किया गया, जिसने जुर्म स्वीकार कर लिया है। आरोपी को 14.07.2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। फरार अन्य दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इस त्वरित कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उनि जी.एल. चन्द्राकर, आरक्षक अर्जुन जांगड़े और आरक्षक संतोष मरकाम की अहम भूमिका रही।



