ब्युरो रिपोट जय खटवानी
नशा मुक्त विकसित भारत अभियान’ के तहत कृषि महाविद्यालय में प्रधानमंत्री के राष्ट्रव्यापी संबोधन का सीधा प्रसारण, युवाओं ने ली नशा मुक्ति की सामूहिक शपथ

उत्तर बस्तर कांकेर 03 अगस्त 2026/ युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और एक स्वस्थ्य, सशक्त एवं खुशहाल समाज के निर्माण के महान उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त विकसित भारत’ अभियान के तहत रामप्रसाद पोटाई कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र कांकेर में एक वृहद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के स्मार्ट क्लासरूम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी संबोधन का सीधा प्रसारण देखा गया तथा महाविद्यालय परिवार ने पूरे उत्साह और एकाग्रता के साथ श्रवण किया। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में युवाओं को विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव बताते हुए नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने तथा अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, नवाचार और राष्ट्र निर्माण जैसे सकारात्मक कार्यों में लगाने का आह्वान किया।


प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद आयोजित सामूहिक शपथ ग्रहण समारोह में सभी उपस्थित जनों ने स्वयं, अपने परिवार, महाविद्यालय परिसर और समाज को नशामुक्त रखने तथा लोगों को नशे के विरुद्ध जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आदिकान्त प्रधान के मार्गदर्शन में किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनिल दिव्य ने युवाओं से नशामुक्ति की शपथ को अपने जीवन में उतारने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा गोद लिए गए गांवों में भी आगामी दिनों में नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक अधिकारी-कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही।



