बिलासपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: जिलेभर में चला व्यापक कॉम्बिंग गश्त, 126 वारंटी धराए, फरार आरोपी व असामाजिक तत्व गिरफ्तार


बिलासपुर:जिला पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध नियंत्रण, फरार अपराधियों की धरपकड़ तथा असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ व्यापक कॉम्बिंग गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस की संयुक्त टीमों ने असामाजिक तत्वों, आदतन अपराधियों और लंबे समय से फरार वारंटियों के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी।


अभियान की मुख्य उपलब्धियां:
- वारंटियों पर कार्रवाई: कुल 126 वारंट तामील किए गए, जिनमें 28 स्थाई वारंट और 98 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं।
- फरार आरोपियों की गिरफ्तारी: लंबे समय से फरार चल रहे 05 प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
- गुंडा-बदमाशों की चेकिंग: निगरानी सूची में शामिल 43 गुंडा-बदमाशों की जांच की गई, जिनमें से 13 के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की गई।
- चाकूबाज व संपत्ति अपराधी: संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त व चाकूबाजों की जांच कर 25 असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस की चेतावनी व अपील:
बिलासपुर पुलिस अपराधियों, वारंटियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की नीति पर काम कर रही है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्ति तुरंत सही रास्ते पर आ जाएं, अन्यथा उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
बिलासपुर पुलिस
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, फरार आरोपी या आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस हेल्पलाइन पर दें। पुलिस द्वारा सूचनादाता की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।



