शासकीय मदिरा दुकान में लूट का प्रयास करने वाले 03 शातिर आरोपी गिरफ्तार, ACCU एवं मस्तूरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
बिलासपुर पुलिस को गतौरा स्थित शासकीय कम्पोजिट मदिरा दुकान में लूट की नीयत से हमला करने वाले तीन नकाबपोश आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है।

दिनांक 03.08.2026 की रात आरोपियों ने मदिरा दुकान में तैनात सुरक्षाकर्मियों पर धारदार चाकू से हमला कर, उनके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद आरोपियों ने ग्राइंडर कटर मशीन और छेनी से लॉकर काटने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। नकदी न मिलने पर वे दुकान से शराब की बोतलें, सुरक्षाकर्मियों के 02 मोबाइल फोन, CCTV कैमरा और DVR लूटकर फरार हो गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देशन में ACCU एवं मस्तूरी पुलिस की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज का विश्लेषण कर तीन आरोपियों—अनिल ध्रुव उर्फ अन्ना (24), पिंटू निषाद (25), और सुशील निर्मलकर (24) को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कर्ज चुकाने के उद्देश्य से उन्होंने यह योजना बनाई थी। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने DVR नदी में फेंक दिया था।
आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, स्कूटी, गैस कटर, ग्राइंडर, चाकू, छेनी और 02 मोबाइल फोन जप्त किए गए हैं। मामले का एक फरार आरोपी (पूर्व CMS कर्मी) की तलाश जारी है।



