किशोर पंजवानी बने कैट के प्रदेश उपाध्यक्ष व कोरबा जिला प्रभारी
बिलासपुर। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के शीर्ष नेतृत्व की सहमति से संगठनात्मक विस्तार करते हुए बिलासपुर के वरिष्ठ व्यापारी किशोर पंजवानी जी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें कैट का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त करने के साथ ही कोरबा जिले का प्रभारी बनाया गया है।
यह नियुक्ति कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री बी. सी. भरतिया जी, राष्ट्रीय महामंत्री व सांसद (चांदनी चौक, दिल्ली) श्री प्रवीण खंडेलवाल जी की सहमति, राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन श्री अमर पारवानी जी के समर्थन तथा बिलासपुर प्रभारी श्री राकेश ओचवानी जी की अनुशंसा पर की गई है।

दोहरी जिम्मेदारी पर आभार व संकल्प
दोहरे पद पर नियुक्ति मिलने पर किशोर पंजवानी जी ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मुझ पर जो भरोसा जताते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है, मैं उस पर पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ खरा उतरने का प्रयास करूंगा। संगठन के काम को आगे बढ़ाने में मुझे प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व का निरंतर मार्गदर्शन और आशीर्वाद मिलता रहेगा।”

उन्होंने आगे कहा कि यह बिलासपुर के लिए गौरव की बात है कि यहाँ से किसी व्यापारी प्रतिनिधि को पहली बार किसी जिले का प्रभारी बनाया गया है। उनकी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर कोरबा जिले में जल्द से जल्द कैट की नई इकाई का गठन करना है, ताकि वहां के व्यापारियों को भी संगठन से जोड़कर मजबूत बनाया जा सके।
शीर्ष नेतृत्व का व्यक्त किया धन्यवाद
अपनी इस उपलब्धि पर किशोर पंजवानी जी ने राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन श्री अमर पारवानी, प्रदेश चेयरमैन श्री जितेंद्र दोषी, श्री विक्रम सिंहदेव, श्री सुरेंद्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष श्री परमानंद जैन, बिलासपुर प्रभारी श्री राकेश ओछ्वानी, महामंत्री श्री अवनीत सिंह तथा कोषाध्यक्ष श्री विजय पटेल का विशेष रूप से आभार जताया।
साथ ही उन्होंने कहा कि संगठन में इस स्तर तक पहुँचने में उन्हें राष्ट्रीय सचिव श्री राजू सलूजा एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री जितेंद्र गांधी का हमेशा स्नेह और मार्गदर्शक आशीर्वाद प्राप्त होता रहा है, जिसके लिए वे उनके सदैव आभारी रहेंगे।














