एलसीआईटी कॉलेज में ‘वेनिस कार्निवल – द वेलकम गाला’ का भव्य आयोजन; मुख्य अतिथि आईजी श्री रामगोपाल गर्ग ने दिए सफलता के मूल मंत्र
बिलासपुर। दिनांक 25 अगस्त 2026 को एलसीआईटी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड साइंस (संबद्ध: अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर) के कला एवं मानविकी विभाग द्वारा नवागत विद्यार्थियों के स्वागत हेतु ‘वेनिस कार्निवल – द वेलकम गाला’ का भव्य आयोजन सेमिनार हॉल में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) श्री रामगोपाल गर्ग (IPS) रहे।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन, पूजा-अर्चना तथा राष्ट्रगीत व राज्यगीत के साथ हुआ। महाविद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि को श्रीफल, पौधा, शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर एलसीआईटी के चेयरमैन श्री प्रमोद जैन, ट्रस्टी मैडम, उपकार सर, अभिनव सर, पटनायक सर, त्यागी सर, मनीष सिन्हा सर, एनसीसी अधिकारी, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
मानविकी विषयों की प्रशासनिक उपयोगिता पर बल
मुख्य अतिथि आईजी श्री रामगोपाल गर्ग ने अपने संबोधन में बताया कि UPSC, CGPSC व पुलिस सेवाओं जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में इतिहास, भूगोल, समाजशास्त्र, भाषा और अर्थशास्त्र विषयों की अग्रणी भूमिका रहती है। उन्होंने समाजशास्त्र के विद्यार्थियों से अपील की कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों पर शोध (Research) कर सरकार को नीति-निर्माण में सहयोग प्रदान करें।
सफलता के प्रमुख सूत्र
आत्म-विकास: किसी की लकीर छोटी करने के बजाय अपनी लकीर लंबी खींचें और ईर्ष्या त्यागकर स्वयं को बेहतर बनाएं।
ज्ञान व सहयोग: ज्ञान बांटने से बढ़ता है, अतः सहपाठियों का सहयोग करना नैतिक कर्तव्य है।
चरित्र व अनुशासन: पहचान केवल अंकसूची तक सीमित न रखें; चरित्र, अनुशासन और सही प्रश्न पूछने का कौशल ही वास्तविक पहचान है।
- रणनीति व समय: कठिन परिश्रम के साथ स्मार्ट वर्क, एकाग्रता और समय का सदुपयोग अत्यंत आवश्यक है।
यातायात सुरक्षा व एनसीसी कैडेट्स का सम्मान
आईजी श्री गर्ग ने सुरक्षा का संदेश देते हुए कहा कि टू-व्हीलर चलाते समय केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन सुरक्षा के लिए हेलमेट अवश्य पहनें। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एनसीसी कैडेट्स को मुख्य अतिथि द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह के अंत में चेयरमैन श्री प्रमोद जैन ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।














