संवाददाता सुरज वाधवानी
दिवंगत मित्र की स्मृति में युवाओं ने रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर कराया भोजन दान
बिलासपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व की पूर्व संध्या पर सामाजिक संस्था ‘हंगर फ्री बिलासपुर’ (मिशन: कोई भी न सोए भूखा) के माध्यम से एक अनूठी सेवा पहल की गई। चकरभाठा के समाजसेवी युवाओं ने अपने दिवंगत मित्र (जिनकी हाल ही में हाईकोर्ट के समक्ष सड़क दुर्घटना में आकस्मिक मृत्यु हो गई थी) की स्मृति को अक्षुण्ण रखने और आत्मा की शांति के लिए स्थानीय हाईटेक बस स्टैंड पर जरूरतमंदों को नि:शुल्क भोजन कराया। यह भोजन सेवा दिवंगत के इष्ट मित्र अमित हरियानी द्वारा समर्पित की गई।

संस्था के संस्थापक सतराम जेठमलानी ने बताया कि तीज-त्योहारों के पूर्व दिवस पर दूर-दराज के ग्रामीणों और यात्रियों की आवाजाही बढ़ जाती है। वहीं दूसरी ओर, त्योहार के कारण दैनिक खान-पान के छोटे-मोटे ठीहे व दुकानें बंद रहने से दिहाड़ी मजदूरों और कम आय वाले लोगों के सामने भोजन की समस्या खड़ी हो जाती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए संस्था होली, दिवाली और रक्षाबंधन जैसे पर्वों के पूर्व दिवस पर नि:शुल्क भोजन भंडारे का आयोजन करती है।
कार्यक्रम संयोजक चंदर मंगतानी ने दिवंगत मित्र को श्रद्धांजलि अर्पित की और इस पुण्य कार्य में सहयोग देने के लिए ‘ऑक्सीजन मैन’ राजेश खरे, विकास घई, मनोज सरवानी, महेंद्र माखीजा, नवीन पंजवानी (रामा वैली), ‘सेवा एक नई पहल’ के संयोजक द्वय रेखा आहूजा व माधव मुजुमदार तथा युवा समाजसेवी अमित हरियानी के प्रति आभार व्यक्त किया।














