सी जी क्राइम.न्यूज’ के विशेष संवाददाता मोहन मदवानी अमेरिका प्रवास पर, वाशिंगटन में अमेरिकी लोकतंत्र और पत्रकारिता को समझा

बिलासपुर। शहर के वरिष्ठ पत्रकार एवं ‘सी जी क्राइम.न्यूज’ के विशेष संवाददाता मोहन मदवानी इन दिनों अपने परिवार के साथ अमेरिका के चार माह के अध्ययन एवं निजी प्रवास पर हैं। वे वहां अपने छोटे बेटे सुशील मदवानी, बहू और नाती-पोतों के साथ समय बिता रहे हैं। इस यात्रा में उनकी धर्मपत्नी तारा मदवानी भी उनके साथ हैं।

अपनी इस दूसरी अमेरिका यात्रा को जीवन का बेहद सुखद अनुभव बताते हुए श्री मदवानी ने कहा कि अपनों से मिलने की खुशी और मातृभूमि से दूर रहने की पीड़ा, दोनों का अपना अलग महत्व है। उन्होंने कहा कि विदेशी धरती पर तिरंगे की शान को बनाए रखना और अपनी भारतीय संस्कृति व मिट्टी की खुशबू को संजोकर रखना एक गर्व का विषय है। अलग समय चक्र (टाइम जोन) और भिन्न सांस्कृतिक परिवेश के कारण विदेशी रहन-सहन में ढलना चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन अपनों का स्नेह इस सफर को आसान बना देता है।


वाशिंगटन डी.सी. में प्रवास के दौरान उन्होंने वाइट हाउस, अमेरिकी संसद (कैपिटल) और वहां की प्रशासनिक व संसदीय कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। वैश्विक और भारतीय पत्रकारिता के अनुभवों की तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिका में बड़ी-बड़ी आधुनिक इमारतों के साथ-साथ ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण बेहद सराहनीय है, जिससे अन्य देशों को भी प्रेरणा लेनी चाहिए।
अमेरिकी समाज और राजनीति पर अपने विचार व्यक्त करते हुए श्री मदवानी ने कहा कि वहां जन-सरोकार, सामाजिक उत्थान और नीतिगत निर्णयों में जन-भागीदारी को प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति को भी सत्ता के प्रति केवल औपचारिकता निभाने के बजाय विदेशी लोकतंत्र की इस रचनात्मक कार्यशैली से सीख लेनी चाहिए।
श्री मदवानी ने स्पष्ट किया कि उनका यह दौरा पूरी तरह से निजी है और वे किसी सरकारी खर्च पर नहीं, बल्कि अपने परिवार के आमंत्रण पर अमेरिका आए हैं। उनके बड़े बेटे बिलासपुर में ही निवास करते हैं, जबकि छोटे बेटे सुशील अपने करियर के सिलसिले में अमेरिका में बसे हुए हैं। वरिष्ठ पत्रकार मोहन मदवानी ने इस यात्रा को अपने परिवार के प्रेम और ईश्वर की कृपा से मिला एक दुर्लभ व यादगार अवसर बताया है।














