बिलासपुर। अशोक नगर स्थित अर्जुन रेसिडेंसी में विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश के जन्मोत्सव पर भव्य एवं गरिमामय सांस्कृतिक समारोह का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन में भक्ति, साहित्य और कला का सुंदर संगम देखने को मिला।
समारोह के मुख्य अतिथि थावे विद्यापीठ, गोपालगंज (बिहार) के कुलपति डॉ. विनय कुमार पाठक थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रख्यात समाजसेवी शैलेन्द्र सिंह कछवाहा ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. रमेश चन्द्र श्रीवास्तव, डॉ. राघवेन्द्र दुबे, डॉ. विष्णु कुमार तिवारी एवं डॉ. विवेक तिवारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक मास्टर तनिष्क वर्मा और मैन्सी खंडेलवाल ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। अपने संबोधन में कुलपति डॉ. विनय कुमार पाठक ने कहा कि गणेशोत्सव भारतीय संस्कृति, संस्कार और सामूहिक चेतना का उत्सव है, जो नई पीढ़ी में सामाजिक समरसता और संस्कारों का विकास करता है।
इस अवसर पर सांस्कृतिक मंच पर शानदार प्रस्तुति देने वाले बाल कलाकारों को स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में गायक राम निहोरा राजपूत, राष्ट्रवादी कवि दीपक दुबे “सागर”, शीतल प्रसाद पाटनवार, बालगोविंद अग्रवाल सहित अनेक साहित्यकार व नागरिक उपस्थित थे। समारोह का समापन भगवान श्री गणेश की भव्य आरती और महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ।



