सेवा संकल्प अभियान के तहत पशुधन विकास विभाग ने चलाया जागरूकता एवं पशु चिकित्सा अभियान
घुमंतू पशुओं के प्रबंधन के लिए पशुपालकों को दी समझाइश, 208 पशुओं का सर्वे एवं टैगिंग, पशु चिकित्सा शिविरों में सैकड़ों पशुओं का हुआ उपचार एवं टीकाकरण
उत्तर बस्तर कांकेर, 21 सितंबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पशुधन विकास विभाग द्वारा जिले के विभिन्न विकासखंडों में पशुपालकों को जागरूक करने के साथ पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार, टीकाकरण एवं समुचित प्रबंधन से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान पशुपालकों को पशुओं की नियमित देखभाल, समय पर टीकाकरण तथा घुमंतू एवं निराश्रित पशुओं के सुरक्षित एवं समुचित प्रबंधन के संबंध में जानकारी दी गई।

विकासखंड कांकेर अंतर्गत शहर के विभिन्न वार्डों में विभागीय टीमों द्वारा भ्रमण कर घुमंतू एवं निराश्रित पशुओं के प्रबंधन के संबंध में पशुपालकों को समझाइश दी गई। पशुपालकों से अपने पशुओं को खुले में न छोड़कर घरों में सुरक्षित रखने की अपील की गई। इस दौरान 208 पशुओं का सर्वे कर नवीन पशुओं को चिन्हित एवं टैगिंग की गई। साथ ही 12 पशुओं को रेडियम बेल्ट लगाए गए, जिससे रात्रि के समय उनकी दृश्यता बढ़ाने में मदद मिलेगी और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सकेगा।

इसी क्रम में विकासखंड चारामा के ग्राम जुनवानी में पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 45 पशुओं का उपचार, 149 पशुओं का एलएसडी टीकाकरण, 95 पशुओं को कृमिनाशक दवा तथा 120 पशुओं को औषधि वितरण किया गया। शिविर से कुल 38 पशुपालक लाभान्वित हुए।

विकासखंड चारामा के ग्राम शाहवाडा में बहुउद्देशीय पशु चिकित्सा शिविर एवं कॉफ रैली का आयोजन किया गया। शिविर में 95 गौवंशीय पशुओं का एलएसडी टीकाकरण, 87 बकरियों का ईटी टीकाकरण, 142 पशुओं को औषधि वितरण, 22 पशुओं का उपचार तथा 33 गौवंशीय पशुओं को कृमिनाशक दवा दी गई। शिविर से 20 पशुपालक लाभान्वित हुए।

पशुधन विकास विभाग द्वारा अभियान के दौरान पशुपालकों को पशुओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, कृमिनाशक दवा के उपयोग तथा पशुओं को सुरक्षित रखने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य एवं प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के लिए इस प्रकार की गतिविधियां निरंतर आयोजित की जा रही हैं।



