सामान्य सभा में जनहित और शहर के विकास के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे भाजपा पार्षद: अमर अग्रवाल
नगर निगम बिलासपुर की सामान्य सभा की बैठक को लेकर करबला स्थित भाजपा कार्यालय में हुई पार्षद दल की महत्वपूर्ण बैठक
विधायक अमर अग्रवाल ने पार्षदों को जनसमस्याओं को गंभीरता से उठाने और रचनात्मक भूमिका निभाने के दिए निर्देश
बिलासपुर: नगर पालिक निगम बिलासपुर में 25 सितम्बर को आयोजित होने वाली सामान्य सभा की बैठक की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी पार्षद दल की एक महत्वपूर्ण बैठक भाजपा कार्यालय करबला में संपन्न हुई। बैठक में सामान्य सभा की रणनीति, शहर के विकास और जनहित के विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।



बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित बिलासपुर विधायक श्री अमर अग्रवाल ने भाजपा पार्षदों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सामान्य सभा में शहर के विकास, नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं और जनहित से जुड़ी समस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने पार्षदों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने वार्डों की जनता की अपेक्षाओं और मुद्दों को सभा के समक्ष मजबूती से रखें तथा शहर के समग्र विकास में एक सकारात्मक और रचनात्मक भूमिका निभाएं।
बैठक के दौरान पार्षद दल के सदस्यों ने सामान्य सभा के एजेंडे और जनसमस्याओं से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी अपने सुझाव रखे और विचार-विमर्श किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, महापौर पूजा विधानी, सभापति विनोद सोनी सहित पार्टी के सभी पार्षद एवं एल्डरमेन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।



