अंबिका साहू-कविता यादव ने हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं को किया रवाना, गया जी के लिए निकलीं दो बसें
बिलासपुर/गिरधौना। ग्राम गिरधौना से पितृ श्राद्ध के लिए करीब 150 श्रद्धालुओं का जत्था दो बसों से गया जी के लिए रवाना हुआ। चंडी देवी मंदिर परिसर में आयोजित विदाई कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत सभापति अंबिका विनोद साहू एवं जनपद सदस्य कविता महेश यादव ने हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं की बसों को रवाना किया।

इस अवसर पर अंबिका विनोद साहू और कविता महेश यादव ने श्रद्धालुओं को पितृ श्राद्ध की धार्मिक यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए सभी की यात्रा मंगलमय एवं सुरक्षित होने की कामना की। दोनों जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान आपसी सहयोग एवं अनुशासन बनाए रखने की अपील की।

मां महामाया चंडी यात्रा पार्टी के माध्यम से निकली यह यात्रा करीब 12 दिनों की रहेगी। गया जी पहुंचकर श्रद्धालु पितरों के श्राद्ध एवं धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होंगे। बसों के रवाना होने के दौरान चंडी देवी मंदिर परिसर में धार्मिक उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम में सरपंच ओंकार सिंगरौल, रामकुमार सिंगरौल, जनपद सदस्य एवं मंडी अध्यक्ष अरुण कौशिक, प्रेम सिंगरौल, मोछ मोहर सिंह मरावी, बिसाहू गुरुजी, बस व्यवस्थापक ईश्वर रजक, ताराचंद सिंगरौल सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।



