कोरी डैम में लूट करने वाले गिरोह का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार व 1 नाबालिग निरुद्ध
बिलासपुर। थाना कोटा पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने कोरी डैम पर्यटन स्थल पर हुई लूट की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार एवं एएसपी (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

प्रार्थिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 सितंबर 2026 को कोरी डैम घूमने के दौरान तीन अज्ञात युवकों ने उसके दोस्त से मारपीट कर बैग और मोबाइल लूट लिया था। मामला दर्ज कर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों (Accu) की मदद से जांच शुरू की।
सूचना मिली कि नाका चौक कोटा में तीन संदिग्ध लूटा गया मोबाइल बेचने की फिराक में स्कूटी पर घूम रहे हैं। घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी गुरजीत सिंह उर्फ बंटी (29 वर्ष) निवासी कुंवारीमुडा, रामजी यादव (38 वर्ष) निवासी घासीपुर (रतनपुर) और एक नाबालिग को हिरासत में लिया।
कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। उनके कब्जे से लूटा गया 01 पोको मोबाइल और घटना में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा (CG 10 CC 7858) जप्त की गई। बालिक आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर और नाबालिग को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।


