ब्युरो रिपोट उमाशंकर शुक्ला
उरकुरा स्टेशन पर बच्चे की सजगता और स्टेशन मास्टर की त्वरित कार्रवाई से बची महिला की जान
रायपुर, सितंबर 2026: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल अंतर्गत उरकुरा रेलवे स्टेशन पर तैनात स्टेशन मास्टर की सतर्कता, मानवीय संवेदनशीलता और एक छोटे बच्चे की सजगता के कारण एक महिला की जान बच गई।
घटना 06 सितंबर 2026 की दोपहर लगभग 12:38 बजे की है। ऑन-ड्यूटी स्टेशन मास्टर श्री आनंद उपाध्याय ट्रेन के आवागमन हेतु सिग्नल विनिमय के लिए प्लेटफॉर्म पर उपस्थित थे। इसी दौरान एक घबराए हुए छोटे बच्चे ने उनके पास पहुंचकर बताया कि उसकी मौसी ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने जा रही हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए श्री आनंद उपाध्याय ने बिना एक क्षण गंवाए तुरंत बच्चे द्वारा बताई गई दिशा में दौड़ लगाई। उन्होंने देखा कि एक महिला रेलवे ट्रैक के बिल्कुल करीब खड़ी थी और उसी समय एक मालगाड़ी तेज गति से आ रही थी। श्री उपाध्याय ने अदम्य साहस और तत्परता का परिचय देते हुए महिला को पकड़ा और उसे सुरक्षापूर्वक ट्रैक से दूर खींच लिया। उनके हटते ही मालगाड़ी धड़धड़ाती हुई गुजर गई। यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के पश्चात स्टेशन मास्टर ने महिला और बच्चों को संभालते हुए उन्हें पानी पिलाया और तुरंत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को सूचित किया। आरपीएफ टीम द्वारा महिला की उचित काउंसलिंग की गई। तत्पश्चात, महिला की माताजी के स्टेशन पहुंचने पर महिला को उनके सुपुर्द कर सुरक्षित घर रवाना किया गया।
रेल प्रशासन ने बच्चे की सजगता एवं स्टेशन मास्टर श्री आनंद उपाध्याय के इस साहसिक, त्वरित और मानवीय कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की है। प्रशासन द्वारा श्री आनंद उपाध्याय को इस सराहनीय कार्य हेतु सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है।


