जिला अस्पताल में मरीज से मिलने आए युवक से मारपीट कर अड़ीबाजी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर पुलिस द्वारा जिला अस्पताल परिसर में मरीज से मिलने आए व्यक्ति के साथ शराब पीने के लिए पैसे मांगने और मना करने पर मारपीट करने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

प्राप्त विवरण के अनुसार, प्रार्थी कार्तिक वैष्णव (21 वर्ष), निवासी ग्राम सरसेनी, थाना मस्तूरी, अपनी भाभी की डिलीवरी होने पर उनसे मिलने जिला अस्पताल बिलासपुर आया था। अस्पताल के गार्ड रूम के पास आरोपी साजन सिंह (38 वर्ष), निवासी भवानी नगर सिरगिट्टी, प्रार्थी के पास पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसों की अड़ीबाजी करने लगा। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से इंकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ हाथ-मुक्के से मारपीट की।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना तारबाहर में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जिला अस्पताल पहुंचकर घेराबंदी की और भागने का प्रयास कर रहे आरोपी साजन सिंह पिता भरत सिंह को धर दबोचा। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धाराएं: 296, 351(3), 115(2), 119(1) बीएनएस


