लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा ने 2 अक्टूबर को वृद्धजन सेवा, स्वच्छता और सड़क सुरक्षा के साथ प्रारंभ किया ‘सेवा सप्ताह’
बिलासपुर। अंतर्राष्ट्रीय संस्था ‘लायंस क्लब इंटरनेशनल’ के राष्ट्रव्यापी ‘सेवा सप्ताह’ (2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर) के शुभारंभ अवसर पर लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर विभिन्न जनसेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम की शुरुआत वृद्ध आश्रम ‘कल्याण कुंज’ में बापू की पूजा-अर्चना के साथ हुई। तत्पश्चात क्लब की पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा आश्रम के वृद्धजनों को फलों का वितरण किया गया। इस दौरान क्लब की अध्यक्ष संजना मिश्रा, सचिव मंजू मिश्रा एवं कोषाध्यक्ष गायत्री कश्यप की विशेष उपस्थिति रही। वहीं रीजन चेयरपर्सन अर्चना तिवारी, किरण बाजपेई, सलमा बेगम, उषा मुदलियार, प्रथम उपाध्यक्ष मंगला देवरस, चांदनी सक्सेना, मंगला कदम एवं अनिमा मिश्रा ने फल वितरण में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।


उसलापुर रेलवे स्टेशन में स्वच्छता अभियान और डस्टबिन वितरण
गांधी जयंती के उपलक्ष्य में वसुंधरा क्लब द्वारा उसलापुर रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर रेल प्रबंधक वी. के. लोधी, रेलवे अधिकारी कुंदन कुमार, कमलेश पातरे, वी. वेंकटेश तथा बी. तिवारी की उपस्थिति में रेलवे सफाई कर्मचारियों के उपयोग हेतु क्लब की ओर से डस्टबिन भेंट किए गए।
सड़क सुरक्षा जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण (पौधरोपण संदेश)
सड़क सुरक्षा अभियान के तहत उसलापुर पुलिस स्टेशन एवं रेलवे स्टेशन परिसर में ऑटो चालकों, कुलियों और ट्रैफिक अधिकारियों को पंपलेट बांटकर यातायात नियमों के पालन हेतु जागरूक किया गया।
साथ ही पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उपस्थित लोगों को पौधों का उपहार दिया गया। इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि “जिस प्रकार पौधों की रक्षा के लिए उन्हें नियमित रूप से पानी और खाद देना आवश्यक है, ठीक उसी प्रकार अपने परिवार के लिए हमारे जीवन की सुरक्षा अत्यंत मूल्यवान है। इसलिए सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करना चाहिए। जैसे प्रकृति के लिए पर्यावरण आवश्यक है, वैसे ही परिवार के लिए सुरक्षित वाहन चलाना अनिवार्य है।”
लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा ने इस वर्ष गांधी जयंती पर मुख्य रूप से वृद्धजन सेवा, स्वच्छता अभियान और सड़क सुरक्षा जागरूकता को प्राथमिकता देते हुए समाजोपयोगी गतिविधियों का सफलतापूर्वक संचालन किया।


