घर और आश्रम में चोरी करने वाले 02 आरोपी गिरफ्तार, 2.14 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर, कपड़े व नकदी बरामद
रतनपुर, बिलासपुर:रतनपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना क्षेत्र के अंतर्गत ढोलपारा स्थित एक घर और सद्गुरु कबीर आश्रम में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को रतनपुर पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े और नकदी सहित कुल 2,14,000 रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।


दिनांक 01/10/2026 की रात्रि ढोलपारा निवासी बलराम बरगाह के घर अज्ञात चोरों ने प्रवेश कर पेटी में रखे सोने-चांदी के जेवर (चांदी का लच्छा, ब्रेसलेट, चेन, चूड़ा, सोने का मंगलसूत्र, फुल्ली, टॉप्स) और 10-12 साड़ियाँ (कुल कीमती लगभग 1,60,000 रुपये) पार कर दिए थे।
इसी तरह, उसी रात सद्गुरु कबीर आश्रम के कमरे का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों द्वारा लगभग 500 ग्राम वजनी चांदी का छत्र (कीमती लगभग 80,000 रुपये) चोरी कर लिया गया था। दोनों प्रार्थियों की शिकायत पर थाना रतनपुर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी रतनपुर द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया और मुखबिरों को सक्रिय किया गया। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति चोरी के सोने-चांदी के सामान को औने-पौने दामों में बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं।
सूचना पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने संदेहियों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने ढोलपारा के मकान और सद्गुरु कबीर आश्रम में चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी का संपूर्ण सामान बरामद कर उन्हें गिरफ्तार किया गया एवं न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
रामकुमार केंवट पिता बेदप्रसाद केंवट, उम्र 35 वर्ष, निवासी ढोलपारा करैहापारा, रतनपुर।जोतराम केंवट पिता धनीराम केंवट, उम्र 28 वर्ष, निवासी खाल्हेपारा करैहापारा, रतनपुर।
सराहनीय भूमिका
उक्त त्वरित एवं सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक देवानंद चन्द्राकर एवं आरक्षक आकाश डोंगरे का विशेष योगदान रहा।


