कलेक्टर जनदर्शन में 40 आवेदन प्राप्त, त्वरित निराकरण करने के दिए निर्देश
उत्तर बस्तर कांकेर 05 अक्टूबर 2026/ जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने प्राप्त आवेदनों पर कार्यवाही करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के लिए निर्देशित किया। जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में कुल 40 आवेदन प्राप्त हुए!


जिसमें ग्राम टेकापानी के ग्रामीणों द्वारा फोर फेस विद्युत केबल बिछाने तथा एक अतिरिक्त विद्युत ट्रांसफार्मर लगाने, उप स्वास्थ्य केंद्र खुलवाने और भुरभुसी पहुंच मार्ग से टेकापानी तक 03 किलोमीटर सड़क, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसी प्रकार ग्राम बेलगाल के धान उपार्जन केंद्र में स्थानीय व्यक्ति को ही फड़मुंशी नियुक्त करने, ग्राम पंचायत आलानार के सरपंच एवं ग्रामीणों द्वारा प्राथमिक शाला में पेयजल हेतु हैण्डपंप खनन की स्वीकृति, ग्राम कोटेकोड़ो मुख्य मार्ग से ग्राम मांडानार तक पहुंच मार्ग, ग्राम किलेनार में आंगनबाड़ी केंद्र खोलने, ग्राम चिंवराज के ग्रामीणों ने स्कूलपारा माध्यमिक शाला के पास सामुदायिक भवन निर्माण, प्राथमिक शाला में छत मरम्मत एवं माध्यमिक शाला में शौचालय निर्माण, सीसी रोड निर्माण एवं सड़क निर्माण और स्कूलपारा तालाब में बोर खनन करने की मांग की गई। ग्राम पंचायत कोकपुर के सरपंच द्वारा विद्युत ट्रांसफार्मर के स्थान बदलने जैसे विभिन्न प्रकार की मांगों व समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री कुमार ने जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का निराकरण करने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे, एसडीएम श्रीमती सरस्वती बंजारे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तर के अधिकारीगण उपस्थित रहे।


