सेवा ज्योति यात्रा का हुआ आयोजन, विकसित भारत के संकल्प के साथ नागरिकों ने सुना प्रधानमंत्री का संबोधन
न्यू बस स्टैंड स्थित डोम से नरहरदेव मैदान तक निकली सेवा ज्योति यात्रा
उत्तर बस्तर कांकेर, 07 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज कांकेर के न्यू बस स्टैंड स्थित डोम परिसर में सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचीं लखपति दीदियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, महाविद्यालयीन विद्यार्थियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों तथा विभिन्न वर्गों के नागरिकों सहित जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन को सुना।


प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में विकसित भारत-2047 की परिकल्पना को साकार करने के लिए जनभागीदारी, सेवा भावना तथा प्रत्येक नागरिक के योगदान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं, महिलाओं एवं समाज के सभी वर्गों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों ने विकसित भारत के संकल्प को साझा करते हुए अपने क्षेत्र एवं समाज के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन भी किया गया। न्यू बस स्टैंड स्थित डोम परिसर से यात्रा प्रारंभ होकर पुराना बस स्टैंड होते हुए शासकीय नरहरदेव हायर सेकेण्डरी स्कूल मैदान पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी एवं विकसित भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।


कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं विधायक पश्चिम रायपुर श्री राजेश मूणत, केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम, अंतागढ़ विधायक श्री विक्रम देव उसेंडी, कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं युवाओं की सहभागिता रही। लखपति दीदियों और स्व-सहायता समूह की महिलाएं, महाविद्यालयीन विद्यार्थी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व मितानिन उपस्थित थे।


