अल्पवर्षा एवं कीट-व्याधि से प्रभावित फसलों का होगा संयुक्त सर्वेक्षणकलेक्टर ने राजस्व, कृषि विभाग एवं कृषि वैज्ञानिकों को दिए निर्देश, फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू
उत्तर बस्तर कांकेर, 07 अक्टूबर 2026/ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अल्पवर्षा एवं कीट-व्याधि से फसलों के प्रभावित होने के संबंध में किसानों द्वारा सूखा घोषित करने, ऋण माफी करने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत दावा भुगतान किए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया है। प्राप्त ज्ञापन के संबंध में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर जिले में फसल क्षति की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, अपर कलेक्टर, उप संचालक कृषि सहित राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने प्रभावित क्षेत्रों में किसानों के खेतों का राजस्व विभाग, कृषि विभाग एवं कृषि वैज्ञानिकों की संयुक्त टीम द्वारा सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अल्पवर्षा से हुई फसल क्षति का विस्तृत आकलन करने के साथ ही कीट-व्याधि एवं कम वर्षा से प्रभावित फसलों की स्थिति का सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को नियमानुसार लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। कृषि एवं राजस्व विभाग द्वारा किए जाने वाले फसल कटाई प्रयोग के पश्चात प्राप्त औसत उपज में कमी के आधार पर नियमानुसार फसल बीमा का लाभ किसानों को दिया जाएगा। जिले में वर्तमान में फसल कटाई प्रयोग का कार्य विभाग द्वारा प्रारंभ कर दिया गया है।


कीट-व्याधि से प्रभावित क्षेत्रों में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों के खेतों में जाकर फसलों का निरीक्षण किया जा रहा है। वैज्ञानिकों द्वारा फसलों में पाए जा रहे कीट एवं व्याधि की पहचान कर उनकी रोकथाम एवं उपचार के लिए किसानों को आवश्यक तकनीकी सलाह तथा दवाओं के उपयोग की जानकारी दी जा रही है। कृषि वैज्ञानिकों द्वारा विकासखंड दुर्गूकोंदल के ग्राम लोहत्तर, हेपुरकसा, पिड़चौड़, मोहगांव, परभेली, भेलवापानी, शीतलपुर, जाडेकुर्से, डढईखेड़ा, गुमड़ी, सिलपट, सोनादई, हाटकोंदल, वयनर, घोटुलमुंडा एवं दमकसा तथा विकासखंड चारामा के ग्राम कोटेला के फसल प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया है। वहीं वैज्ञानिकों एवं कृषि विभाग के संयुक्त दल द्वारा विकासखंड भानुप्रतापपुर के केवटी एवं आसुलखार समिति अंतर्गत ग्रामों में फसल प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया जा रहा है।
कृषकों से अपील की गई है कि फसल में किसी भी प्रकार की कीट-व्याधि अथवा अन्य कृषि संबंधी समस्या होने पर संबंधित कृषि अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक सलाह एवं मार्गदर्शन प्राप्त करें। कृषि संबंधी समस्या के समाधान के लिए उप संचालक कृषि श्री जितेन्द्र कुमार कोमरा से मोबाइल नंबर 9826130146, विकासखंड कांकेर के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री मयाराम नेताम से 9753646250, चारामा के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री राजाराम नेताम से 9407938801, नरहरपुर के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री दिनेश कुमार कुंजाम से 9406070637, भानुप्रतापपुर के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री महात्मा राम तरेता से 9406098176, दुर्गूकोंदल के प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री राजकुमार सिन्हा से 9407774452, अंतागढ़ के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री मोहरलाल शोरी से 6265228223 तथा कोयलीबेड़ा के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री नवलू राम नेताम से 9406072042 पर संपर्क किया जा सकता है।


