सेवा की कहानीसेवा सेतु शिविर ने आसान की राह, शिविर में ही बना 4 वर्षीय राकेश का आधार कार्ड
दूरस्थ गांव से पहुंची मां को मिली घर के पास ही सुविधा, श्रीमती शांति दर्रो ने मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन का जताया आभार
उत्तर बस्तर कांकेर, 08 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु शिविर ग्रामीणों के लिए शासन की योजनाओं और सुविधाओं को उनके द्वार तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ मिलने से उनकी वर्षों से चली आ रही छोटी-बड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है। कोयलीबेड़ा विकासखंड में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु शिविर में भी ऐसी ही एक प्रेरक कहानी सामने आई, जहां एक मां के लिए अपने छोटे बच्चे का आधार कार्ड बनवाने की प्रक्रिया आसान और सुगम हो गई।
कोयलीबेड़ा विकासखंड के ग्राम पुलुंजसाल्हेभाट निवासी श्रीमती शांति दर्रो अपने 4 वर्षीय बच्चे राकेश का आधार कार्ड बनवाने के लिए सेवा सेतु शिविर में पहुंचीं। ग्रामीण क्षेत्र में रहने के कारण आधार पंजीयन के लिए अलग से कार्यालय जाने, समय निकालने और आने-जाने की परेशानी उनके सामने थी। शिविर की जानकारी मिलने पर उन्होंने इस अवसर का लाभ उठाने का निर्णय लिया और अपने बच्चे को लेकर शिविर स्थल पर पहुंचीं।
श्रीमती शांति दर्रो ने बताया कि उन्हें सेवा संकल्प अभियान के तहत कोयलीबेड़ा में सेवा सेतु शिविर के आयोजन की जानकारी मिली थी। उन्होंने सोचा कि यदि शिविर में ही आधार पंजीयन की सुविधा मिल जाए तो उनके बच्चे का आधार आसानी से बन सकता है। इसी उम्मीद के साथ वे अपने 4 वर्षीय बेटे राकेश को लेकर शिविर में पहुंचीं। शिविर स्थल पर आधार पंजीयन की सुविधा उपलब्ध होने से उन्हें किसी अन्य कार्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ी। मौके पर ही उनके बच्चे के आधार पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कर दी गई।

अपने बच्चे का आधार पंजीयन आसानी से पूरा होने पर श्रीमती शांति दरों के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने कहा कि गांव से दूर जाकर आधार कार्ड बनवाने में समय और आने-जाने की परेशानी होती, लेकिन सेवा सेतु शिविर के माध्यम से यह सुविधा उनके गांव और क्षेत्र के नजदीक ही उपलब्ध हो गई। इससे उनका समय और श्रम दोनों बचा। श्रीमती शांति दर्रो ने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन द्वारा ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखकर इस तरह के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी आवश्यक शासकीय सेवाएं आसानी से मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविर वास्तव में ग्रामीणों और शासन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रहा है।


