सेवा सेतु शिविर से मिली आत्मनिर्भरता की राह, 8 हितग्राहियों को शत-प्रतिशत अनुदान पर मिले उन्नत नस्ल के नर बकरे
बकरी पालन से ग्रामीण परिवारों के लिए अतिरिक्त आय उपलब्ध कराने की नई पहल
उत्तर बस्तर कांकेर, 09 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे सेवा सेतु शिविर ग्रामीणों के लिए शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का माध्यम बन रहे हैं। इन शिविरों के जरिए दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र हितग्राहियों को विभिन्न विभागों की योजनाओं से जोड़कर उनकी आजीविका को सशक्त बनाने की पहल की जा रही है।
कभी नक्सलवाद से प्रभावित रहा जिले के दूरस्थ क्षेत्र कोयलीबेड़ा में आयोजित जिला स्तरीय सेवा सेतु शिविर में पशुधन विकास विभाग द्वारा नियद नेल्लानार योजना के तहत 08 हितग्राहियों को उन्नत नस्ल के स्वस्थ ग्रेडेड नर बकरे शत-प्रतिशत अनुदान पर वितरित किए गए। प्रत्येक हितग्राही को 8,000 रुपये की इकाई लागत के अनुसार बकरा प्रदान किया गया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को बकरी पालन के लिए प्रोत्साहित करना और उनके लिए आय के अतिरिक्त अवसर उपलब्ध कराना है।
बकरी पालन से बढ़ेगी आजीविका की संभावनाएं
ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन आजीविका का एक महत्वपूर्ण साधन है। बकरी पालन के माध्यम से परिवार अपनी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर आय अर्जित करने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। उन्नत नस्ल के स्वस्थ नर बकरों का वितरण हितग्राहियों को बकरी पालन गतिविधियों से जोड़ने तथा उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। शत-प्रतिशत अनुदान पर बकरा मिलने से चयनित हितग्राहियों को बकरी पालन शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता मिली है, इससे उन्हें स्वरोजगार की संभावनाओं को आगे बढ़ाने और परिवार की आय में वृद्धि के अवसर तलाशने में मदद मिलेगी।
सेवा से समृद्धि और आत्मनिर्भरता की ओर
सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं को दूरस्थ अंचलों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कोयलीबेड़ा में 08 हितग्राहियों को बकरों का वितरण किया गया। इस पहल से ग्रामीण परिवारों को आजीविका के नए अवसरों से जोड़ने और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। जिला प्रशासन की मंशा है कि शासकीय योजनाओं का लाभ जरूरतमंद एवं पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त बनकर अपने परिवार के जीवन स्तर को बेहतर बना सकें।


