जनदर्शन में खुलीं समस्याओं की फाइलें, कहीं शिक्षक की लापरवाही तो कहीं तीन माह से मानदेय का इंतजार
संवाददाता : अश्वनी यादव
बिलासपुर। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मंगलवार को जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कोटा विकासखंड के ग्राम आमामुड़ा के ग्रामीणों ने शासकीय प्राथमिक शाला में शिक्षकों की लापरवाही और एक शिक्षक के शराब पीकर स्कूल आने की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। वहीं, सेजेस स्कूलों में कार्यरत नर्सरी शिक्षिकाओं और आया ने तीन माह से लंबित मानदेय दिलाने की गुहार लगाई।


तखतपुर तहसील के अरईबंद के ग्रामीणों ने 21 वर्षों से मकान बनाकर निवास कर रहे परिवारों के लिए शासकीय भूमि को आबादी भूमि घोषित करने की मांग रखी, जबकि मेड़पार बाजार की प्रमिला घृतलहरे ने कृषि सखी के पद पर दोबारा नियुक्ति देने का आग्रह किया। जनदर्शन में लोगों ने अपनी समस्याएं रखकर प्रशासन से राहत की उम्मीद जताई।


बिजली की आंख-मिचौली से परेशान कॉलोनीवासी, नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग — बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र की दीनदयाल कॉलोनी के निवासियों ने ट्रांसफार्मर पर अतिरिक्त भार के कारण पिछले दो माह से जारी बिजली समस्या की शिकायत की। बार-बार बिजली आने-जाने से टीवी, फ्रिज, एसी सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताते हुए उन्होंने नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। कलेक्टर ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकांश मामलों में संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे और अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं।


