बेटी के विवाह प्रमाण पत्र के लिए नहीं काटने पड़े दफ्तरों के चक्कर, अगले ही दिन मिला प्रमाण पत्र
संवाददाता : अश्वनी यादव
बिलासपुर। शासकीय सेवाओं को सरल और समयबद्ध बनाने की पहल के तहत सेवा सेतु पोर्टल आम नागरिकों के लिए राहत का माध्यम बन रहा है। रतनपुर तहसील कार्यालय में ग्राम मोहंदा निवासी छेदी दास ने अपनी पुत्री रेनू मानिकपुरी का विवाह प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन किया, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया और अगले ही दिन प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। छेदी दास ने बताया कि उन्हें प्रमाण पत्र के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ा, जिससे जरूरी शासकीय कार्यों को पूरा करने में आसानी हुई। उन्होंने इस सुविधा पर संतोष जताते हुए समय पर प्रमाण पत्र मिलने को राहत भरा अनुभव बताया।
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं आसान और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। विवाह प्रमाण पत्र के लिए आवेदन पर एक दिन के भीतर कार्रवाई होना समयबद्ध सेवा व्यवस्था का उदाहरण है। तकनीक और त्वरित प्रशासनिक प्रक्रिया के समन्वय से लोगों का समय बचाने तथा अनावश्यक परेशानी कम करने में मदद मिल रही है। सेवा संकल्प अभियान के तहत ऐसी पहलें नागरिकों तक शासकीय सेवाओं की पहुंच आसान बनाने और प्रशासन के प्रति भरोसा मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।


