श्रमिक परिवार की बेटी आरती कश्यप के सपनों को मिला संबल, 20 हजार की सहायता से आसान होगी पढ़ाई की राह
संवाददाता: अश्वनी यादव
बिलासपुर। आर्थिक तंगी अब श्रमिक परिवार की बेटी आरती कश्यप के सपनों के आड़े नहीं आएगी। मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत मिली 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता ने आरती को पढ़ाई जारी रखने और आत्मनिर्भर बनने की राह में नया संबल दिया है।


आरती का सपना उच्च शिक्षा हासिल कर अपने पैरों पर खड़ा होना और माता-पिता का नाम रोशन करना है। आर्थिक परिस्थितियों के बीच शासन से मिली यह मदद उनके लिए राहत के साथ आगे बढ़ने का हौसला भी बनी है।

आरती ने बताया कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण कई बार बेटियों के सपनों को पूरा करना मुश्किल हो जाता है, लेकिन शासन की सहायता से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। श्रम विभाग की इस योजना के तहत पंजीकृत श्रमिक परिवारों की पात्र बेटियों को 20 हजार रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता दी जाती है, ताकि उनकी शिक्षा और आत्मनिर्भरता की राह आसान हो सके। आरती अब मेहनत और लगन से अपने लक्ष्य को हासिल करना चाहती हैं। उनके लिए यह राशि महज आर्थिक मदद नहीं, बल्कि बेहतर भविष्य के सपनों को साकार करने की उम्मीद है।


