सकरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई: 12 घंटे के भीतर दो सगी लापता नाबालिग बहनें सकुशल बरामद
बिलासपुर, छत्तीसगढ़:थाना सकरी पुलिस ने त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई करते हुए घर से लापता हुई दो सगी नाबालिग बहनों को मात्र 12 घंटे के भीतर सकुशल ढूंढ निकाला है। बच्चियों के सुरक्षित मिलने से परिजनों, विशेषकर उनकी मां की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए और उन्होंने पुलिस प्रशासन का दिल से आभार व्यक्त किया।
प्रार्थीया ने थाना सकरी पहुंचकर सूचना दी थी कि उनकी दो नाबालिग बच्चियां 22 अक्टूबर 2026 को घर से बिना बताए कहीं चली गई हैं। देर शाम तक उनके घर न लौटने पर परिजनों ने किसी अनहोनी या अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण की आशंका जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सकरी में तत्काल अपराध क्रमांक 987/2026, धारा 137(2) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।

मामले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर, रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी संजय सिन्दे के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने सघन पतासाजी और तकनीकी सहायता के साथ-साथ परिजनों के सहयोग से क्षेत्र में तलाश शुरू की। कुछ ही घंटों के भीतर दोनों बच्चियों को मंगला स्थित पार्क से सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ के दौरान बच्चियों ने बताया कि वे घूमने के दौरान रास्ता भटक गई थीं।
इस सफल और त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी संजय सिन्दे, उप निरीक्षक गणेशराम महिलांगे, प्रधान उप निरीक्षक अर्चना साहू, सहायक उप निरीक्षक सुरेन्द्र तिवारी, प्रधान आरक्षक बलराज सिंह, मालती तिवारी, आरक्षक मनोज बघेल और पवन बंजारे सहित सकरी थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस तत्परता से एक बार फिर आम जनता का खाकी पर भरोसा और मजबूत हुआ है।


