मनियारी नदी और डोंगानाला पर बनेंगे पुल, 14.26 करोड़ रुपए मंजूर
बिलासपुर/तखतपुर l रिपोर्टर अश्वनी यादव। तखतपुर-बरेला मार्ग पर मनियारी नदी और बेलगहना-कोंचरा-खोंगसरा मार्ग पर डोंगानाला में उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण होगा। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद लोक निर्माण विभाग ने दोनों पुलों और पहुंच मार्गों के लिए कुल 14 करोड़ 25 लाख 97 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की है। इसमें मनियारी नदी पर पुल के लिए 7 करोड़ 67 लाख 11 हजार रुपए तथा डोंगानाला पर पुल निर्माण के लिए 6 करोड़ 58 लाख 86 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
बारिश में आवागमन की परेशानी से मिलेगी राहत। मनियारी नदी पर वर्तमान में जलमग्नीय पुल होने के कारण जलस्तर बढ़ने पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। उच्च स्तरीय पुल बनने से तखतपुर-बरेला मार्ग पर आवाजाही सुरक्षित और सुगम होगी। वहीं, डोंगानाला पर पुल निर्माण से बेलगहना-कोंचरा-खोंगसरा मार्ग पर आवागमन बेहतर होगा। शासन ने दोनों निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इन पुलों के निर्माण से बिलासपुर और मुंगेली जिले में सड़क संपर्क मजबूत होगा तथा स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।


